कोरोना वायरस के मामलों में हो रही है वृद्धि, छठवें दिन 14 हजार तक बढ़े नए मरीज

राज्यवार दैनिक मामलों की संख्या 6,281 रही जो कि 86 दिन बाद सबसे ज्यादा है। इससे पहले 26 नवंबर को 6,406 मरीज मिले थे। सात दिनों के औसत में दैनिक मामलों की संख्या अब पिछले छह दिनों से लगातार बढ़ रही है, इसमें इस अवधि के दौरान लगभग 1,000 की वृद्धि हुई है। महाराष्ट्र में महामारी के मामलों में वृद्धि दर्ज की जा रही है। यहां के मामलों में पिछले 14 दिनों में 58 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
केरल में शनिवार को 4,650 नए मामले दर्ज किए गए हैं। वहीं शुक्रवार को राज्य में 4,585 नए मरीज सामने आए थे। देश में वायरस से मरने वालों की संख्या घटकर 89 हो गई। इससे पहले दिन यह संख्या 100 थी। इस तरह मृतकों की संख्या में मामूली गिरावट आई है।
चार राज्यों में रोजाना बढ़ रहे मामले
पिछले कुछ दिनों से, देश के चार राज्यों – केरल, महाराष्ट्र, पंजाब और मध्यप्रदेश में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
इसी बीच स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि पिछले 24 घंटे में 18 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेश में संक्रमण से किसी की मौत नहीं हुई। इनमें तेलंगाना, हरियाणा, जम्मू कश्मीर, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, त्रिपुरा, असम, चंडीगढ़, लक्षद्वीप, मणिपुर, मेघालय, लद्दाख, मिजोरम, सिक्किम, नगालैंड, अरुणाचल प्रदेश, अंडमान निकोबार द्वीपसमूह, दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा शनिवार को जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, भारत में कोरोना वायरस के सक्रिय मामलों की संख्या एक लाख 43,127 है जो कि कुल पॉजिटिव मामलों का 1.30 फीसदी है। मामलों में वृद्धि के बाद, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने वायरस के संचरण की चेन को तोड़ने और बीमारी के प्रसार को रोकने के लिए कोविड-19 से बचने के लिए सरकार द्वारा जारी किये गए दिशा-निर्देशों को फिर से दोहराया है।